डिजिटल डेस्क। चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले की टेबो थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ लाख रुपये नकद के साथ दो डोडा (अफीम का छिलका) कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी पहले भी डोडा तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं।
यह गिरफ्तारी एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान हुई। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2:20 बजे टेबो थाना प्रभारी बिक्रांत मुंडा के नेतृत्व में चाईबासा-खूंटी मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बंदगांव की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका गया।
जांच में बाइक पर सवार दो युवक, जोहन पूर्ति (उम्र 42) और मार्टीन सोय (उम्र 29) के पास से एक पिट्ठू बैग में रखे 1.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान, दोनों ने यह स्वीकार किया कि यह रकम डोडा खरीदने के लिए किसी व्यापारी से ली गई थी। दोनों आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के कुचई थाना क्षेत्र के जोम्बरों गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि इन दोनों पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कुचई थाना में मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस ने अब दोनों आरोपियों के खिलाफ टेबो थाना में मामला संख्या 09/2025, एनडीपीएस एक्ट की धारा 15/28/29 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी
एक पिट्ठू बैग, नकद 1,50,000 रुपये, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन
जांच दल में शामिल पुलिसकर्मी
थाना प्रभारी बिक्रांत मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, सहायक अवर निरीक्षक राम प्रसाद और टेबो थाना के सशस्त्र बल।

