
मिरर मीडिया : भारत ने चांद तक पहुंचने की तरफ अपना एक और कदम बढ़ा दिया है।श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से भारत के तीसरे चंद्रयान मिशन को लॉन्च किया गया। काउंटडाउन के बाद सफलतापूर्वक चंद्रयान-3 रॉकेट की लॉन्चिंग हुई और इसे अंतरिक्ष में भेजा गया।जिसके बाद भारत अब दुनियाभर में एक बड़ा कीर्तिमान हासिल करने के काफी करीब है।अगर चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर सेफ लैंडिंग हो जाती है तो भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों की फेहरिस्त में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने ये कारनामा करके दिखाया है।
बता दें कि इस ऐतिहासिक क्षण के मौके पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र पर हजारों की संख्या में लोग जमा होकर इसरो के वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ा रहे थे। वहीं चंद्रयान –3 के लॉन्च होते वहां मौजूद सभी लोग खुशी के मारे झूम उठे |
प्रधानमंत्री मोदी ने इसरो के तीसरे चंद्रयान मिशन पर ट्वीट कर कहा कि भारतीय अंतरिक्ष के क्षेत्र में 14 जिलाई 2023 का दिन हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।यह राष्ट्र की आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएगा। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि चंद्रयान–2 भी बहुत पथप्रदर्शक था क्योंकि इससे जुड़े आर्बिटर के डेटा ने रिमोट सेंसिंग के माध्यम से पहली बार क्रोमियन, मैंगनीज और सोडियम की उपस्तिथि का पता लगाया था।
वहीं चंद्रयान-3 परियोजना के निदेशक पी वीरमुथुवेल और इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने एलवीएम3-एम 4 वाहन के सफलतापूर्वक कक्षा में लॉन्च करने के बाद अपनी खुशी साझा की और इसरो की तरफ से कहा गया कि चंद्रयान–3 ने
अपनी सटीक कक्षा में चंद्रमा की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी है। अंतरिक्ष यान का स्वास्थ्य सामान्य है।
बता दें कि इस सफलता के बाद भारत समेत पूरे विश्व भर के लोग इसरो को बधाई दे रहें है और अपनी खुशी जाहिर कर रहें हैं।
इस मौके पर केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के तौर श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन सेंटर पहुंचे थे। इसके अलावा पूर्व इसरो चीफ राधाकृष्णन के सिवन और एएस किरण कुमार भी चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग पर मौजूद रहें।