‘मुख्यमंत्री खुद बिहार से कर रहे पलायन’ नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर पीके का तंज

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद से राज्य का सियासी पारा हाई है। वार-पलटवार का सिलसिला जारी है। अब जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर तंज कसा है। प्रशांत किशोर ने कहा कि पहले सिर्फ बिहार से युवाओं का पलायन होता था, लेकिन अब मुख्यमंत्री भी पलायन कर रहे हैं। वहीं प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के बेटे की राजनीतिक में एंट्री पर भी सवाल उठाया।

प्रशांत किशोर का कटाक्ष

प्रशांत किशोर ने भभुआ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गरीबी, पलायन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने पलायन के मुद्दे पर जोर देकर कहा कि पिछले वर्ष नवंबर के बाद से बिहार के 50 से ज्यादा लोगों की दूसरे राज्य की फैक्ट्रियों में काम करते हुए हुई है। प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार में सिर्फ बच्चे और युवा ही पलायन नहीं कर रहे हैं। बल्कि खुद मुख्यमंत्री भी बिहार से पलायन करते नजर आ रहे हैं। पता नहीं नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहेंगे, दिल्ली जाएंगे या फिर इंग्लैंड चले जाएंगे।

पलायन के मुद्दे पर राज्य और केंद्र सरकार को घेरा

दरअसल, गुजरात की केमिकल फैक्ट्री में हुए हादसे में जो 4 मजदूरों की मौत हुई थी, वो सासाराम के ही रहने वाले थे। उनके परिजनों से मिलने के लिए प्रशांत किशोर सासाराम पहुंचे थे। इसी दौरान बिहार से हो रहे पलायन के सवाल पर उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार दोनों को घेरा। कहा कि दोनों जगह डबल इंजन की सरकार है, इसके बावजूद बिहार से पलायन रुक नहीं रहा है। यहां के लोग आज भी रोजी रोटी के लिए दूसरे प्रदेश में जा रहे हैं। 

मुख्यमंत्री को लेकर कही गई बात हुई सच

पीके ने कहा कि जब मैंने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री नहीं रहने की बात कही थी, तो लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था। पिछले एक साल से मैं कहता आ रहा हूं कि नीतीश कुमार की मानसिक व शारीरिक हालत ऐसी नहीं है कि वे मुख्यमंत्री बने रह सकें और यह बात आज सच साबित हुई है। आज 202 विधायकों का समर्थन रहने के बावजूद भी वे मुख्यमंत्री बने रहने की स्थिति में नहीं हैं।

जाते-जाते बेटे के लिए राज सिंहासन की व्यवस्था-पीके

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने निशांत कुमार को लेकर भी सीएम पर तीखा हमला बोला है। पीके ने कहा है कि नीतीश कुमार जाते-जाते अपने बेटे के लिए राज सिंहासन की व्यवस्था कर गए हैं। पीके ने कहा कि नीतीश कुमार जीवन भर वंशवाद के खिलाफ बोलते रहे हैं लेकिन आज उनका बेटा भी राजनीति में आ गया है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा राजनीति में आएं, उससे हमें दिक्कत नहीं लेकिन बिहार के लोगों को भी सोचना चाहिए कि जब नेताओं को अपने बेटे के राजसिंहासन की चिंता रहती है तो आप क्यों नहीं अपने बच्चे की चिंता करते?

Share This Article