ड्रोन से कोयला माफियाओं पर CISF की नजर, चोरी और अवैध खनन के खिलाफ बड़ा अभियान

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद/बाघमारा: कोयला चोरी, अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद ने विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन सर्विलांस, संयुक्त अभियान और विशेष निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान संवेदनशील स्थलों और चिन्हित हॉटस्पॉट्स की निगरानी की गई तथा बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

महूदा क्षेत्र में ड्रोन सर्विलांस के दौरान महूदा वाशरी, हथुडीह, मुरलीडीह और डीएवी स्कूल के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। जांच में कई निष्क्रिय और जलभराव वाले अवैध मुहाने चिन्हित हुए, लेकिन कहीं भी सक्रिय अवैध खनन, कोयला चोरी या अवैध भंडारण के साक्ष्य नहीं मिले।

धनसार-कुसुंडा क्षेत्र में ICCC से सूचना मिलने पर सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और स्ट्राइक रिजर्व ने एसएनआर माइंस में त्वरित कार्रवाई की। सुरक्षा बलों के पहुंचते ही असामाजिक तत्व मौके से फरार हो गए और क्षेत्र सामान्य पाया गया।

जेलगोड़ा के NSW क्षेत्र में चोरी के दो प्रयासों की सूचना पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान जंगल से लगभग 35-40 फीट और 15-20 फीट लंबे दो कॉपर केबल बरामद किए गए। दोनों केबलों को सुरक्षित रूप से पुनः NSW में जमा करा दिया गया। वहीं, 20 जुलाई 2026 को NSW चोरी मामले में पकड़े गए दो आरोपियों के खिलाफ लोदना थाना में दर्ज एफआईआर की प्रति भी प्राप्त हो गई है।

सीआईएसएफ ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी जारी रहेगी। अवैध उत्खनन स्थलों की भराई, कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बीसीसीएल प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....