शिक्षा में सुधार की क्लास: उपायुक्त ने अफसरों को दी चेतावनी, कहा- काम में लाएं तेजी या कार्रवाई को रहें तैयार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं, आधारभूत संरचना और विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने से संबंधित बिंदुओं पर समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए बैंक खाता, आधार पंजीकरण व जन्म प्रमाण पत्र का न होना गंभीर विषय है। उन्होंने विशेष रूप से मुसाबनी व चाकुलिया प्रखंड में बैंक, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी और प्रखंड प्रशासन को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यकता अनुसार विशेष शिविर आयोजित कर बच्चों का बैंक खाता खुलवाने, आधार पंजीकरण और पंचायत सचिव को जन्म प्रमाण पत्र के लिए कैम्प के माध्यम से प्रमाण पत्र की आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में शिक्षा विभाग के कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि विभिन्न मदों से विद्यालयों में आधारभूत संरचना के विकास व जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए नियमित फील्ड विजिट करें और निर्माण कार्यो में अपेक्षित प्रगति लाए। अधूरे निर्माण कार्यो को शीघ्र पूरा कराने के लिए उन्हें अल्टीमेटम देते हुए कहा गया कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

उपायुक्त ने शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति को शिक्षा विभाग के पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, पोशाक व पुस्तक वितरण, सेंट्रलाइज्ड मिड-डे मील किचन का दायरा बढ़ाने और विद्यालयों के जीर्णोद्धार के लिए प्राथमिकता सूची तैयार करने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर निर्देश दिया गया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय व सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article