गरजेंगे बादल, गिरेगी बिजली : मौसम ने बदली करवट, बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

KK Sagar
2 Min Read
Weather

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30 मई से 1 जून तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी बारिश के साथ तेज आंधी और वज्रपात का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और कई सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण उत्तर और मध्य भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....