मेदिनीनगर: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र स्थित टइया गांव में अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे अंचल अधिकारी (सीओ) राजीव कुमार और उनकी टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। घटना बुधवार रात की है। हमले के बाद माफिया जब्त किए गए अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जबरन छुड़ाकर फरार हो गए। मामले को लेकर सीओ ने पांकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, सीओ राजीव कुमार को सूचना मिली थी कि टइया गांव के आसपास रात के समय अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने छापेमारी अभियान चलाया और अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। प्रशासनिक टीम जब ट्रैक्टरों को थाना ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी बड़ी संख्या में बालू माफिया और उनके समर्थक मौके पर पहुंच गए।
सीओ ने आरोप लगाया कि माफियाओं ने प्रशासनिक टीम को घेर लिया, हंगामा किया और उन पर हमला कर दिया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए वहां से निकलना पड़ा। सीओ ने कहा कि यदि वे समय रहते वहां से नहीं निकलते तो उनकी हत्या भी हो सकती थी।
पुलिस की देरी पर उठे सवाल
सूत्रों के मुताबिक घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय पर पुलिस बल मौके पर नहीं पहुंच सका। इसी का फायदा उठाकर माफियाओं ने प्रशासनिक टीम पर दबाव बनाया और जब्त ट्रैक्टरों को छुड़ाकर ले गए। सीओ राजीव कुमार ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर पहुंच जाती तो ऐसी घटना नहीं होती।
जांच में जुटी पुलिस
पांकी थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

