मिरर मीडिया : झारखंड के गिरिडीह जिले के सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित किए जाने के बाद देशभर में जैन समुदाय की ओर से प्रदर्शन और आंदोलन किए जा रहे हैं। राज्य के कई हिस्से में भी आंदोलन किए गए हैं। झारखंड के रांची में भी जैन समुदाय के सैकड़ों लोगों ने मौन जुलूस निकाला। वहीं राज्यपाल रमेश बैस को ज्ञापन भी सौंपा।

इधर इसी के आलोक में सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गुरुवार को केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिख जैन अनुयायियों द्वारा प्राप्त आवेदनों के अनुसार पारसनाथ स्थित सम्मेद शिखर की सुचिता बनाये रखने हेतु पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार की संबंधित अधिसूचना के संदर्भ में समुचित निर्णय लेने हेतु आग्रह किया।

पत्र के अनुसार उन्होंने जैन समुदाय के धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा 2019 में जारी अधिसूचना के सन्दर्भ में समुचित निर्णय लेने का आग्रह किया है।