मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण की मंगलवार को शुरुआत की। इसके तहत वह सुपौल जिले के निर्मली पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने जिले के विकास से जुड़ी विभिन्न विभागों की कुल 569.3677 करोड़ रुपये की 213 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान सुपौल में जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने काफी कुछ कहा। हालांकि उन्होंने राज्यसभा जाने का कोई जिक्र नहीं किया।
2005 से पहले के बिहार की स्थिति का जिक्र
सुपौल जिले के निर्मली में मुख्यमंत्री नीतीश कुनार ने करीब आधे घंटे से अधिक समय तक संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और पिछले 20 वर्षों की उपलब्धियों का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने वर्ष 2005 से पहले के बिहार की स्थिति का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि उस समय राज्य में कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब थी। लोगों को शाम होने के बाद घर से बाहर निकलने में डर लगता था और समाज में विवाद की घटनाएं भी ज्यादा होती थीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में उनकी सरकार बनने के बाद से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ और विकास के कई काम हुए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब राज्य में भय और असुरक्षा का माहौल खत्म हो चुका है और लोग पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं।
नीतीश ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने आरजेडी पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि पहले कोई काम हुआ था क्या? नवंबर 2005 में हम लोग आए, तब से विकास कार्य शुरू हुआ। 2005 से पहले स्वास्थ्य व्यवस्था खराब थी। अस्पताल नहीं था, डॉक्टरों की कमी थी। इन समस्याओं को दूर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छह और मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं। पीएमसीएच को 5400 बेड का किया जा रहा। IGIMS में 3000 बेड की व्यवस्था होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, हर क्षेत्र में काम हुआ। हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा बंद हुआ। बिहार में सड़कों का जाल बिछा, पुल-पुलिया बना। बिहार के किसी कोने से चार घंटे में लोग पटना पहुंच जाते हैं।
आने वाले पांच सालों का भी कर दिया जिक्र
नीतीश कुमार ने कहा कि कृषि रोड मैप के तहत किसानों के लिए काम हो रहा है। फसल का सही दाम मिल रहा, आय दोगुनी की जा रही है। लोगों को मुफ्त बिजली मिल रही है। गांव-गांव सड़कें बनीं। घर-घर नल का जल मिल रहा है। खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंच रहा। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम किया गया। आने वाले पांच सालों में एक करोड़ नौकरी-रोजगार मिलेगा। सीएम ने साफ कहा कि हर वर्ग समुदाय के लिए काम हो रहा है।
राज्यसभा जाने को लेकर कोई टिप्पणी
हालांकि अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने राज्यसभा जाने को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की, ना ही अपने बेटे निशांत के राजनीति में आने को लेकर कोई जिक्र किया। जबकि हाल ही में 5 मार्च को उन्होंने राज्यसभा के लिए नामांकन किया है। जिसके बाद उनके बेटे निशांत कुमार ने भी जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की है।
समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में नीतीश
बता दें कि समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री 10 से 14 मार्च तक सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। आज यात्रा की शुरात सुपौल से हुई। जहां सीएम नीतीश ने 434.469 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि 134.8987 करोड़ रुपये की 129 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री निर्मली अनुमंडल सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए। इसके बाद वह जनसवंद में शामिल हुए।

