बिहार सरकार में काम कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा और पुलिस सेवा के अधिकारियों ने अपनी संपत्ति घोषित कर दी है। अधिकारियों ने 31 दिसंबर 2025 तक के संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक की है। इन अफसरों ने अपने अलावा अपनी पत्नी, बच्चों और पैतृक संपत्तियों की जानकारी भी साझा की है।
डॉ. गोपाल सिंह की कुल संपत्ति 5.89 करोड़
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सचिवालय में तैनात अधिकारियों की संपत्ति के ताजा आंकड़ें चौंकाने वाले हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के ओएसडी (OSD) डॉ. गोपाल सिंह, उनके तीनों सचिवों से कहीं अधिक धनवान हैं। डॉ. गोपाल सिंह की कुल संपत्ति 5.89 करोड़ रुपये बताई गई है। जिसमें उनकी पैतृक और संयुक्त संपत्तियां भी शामिल हैं. उनके पास 3.83 करोड़ की चल और 2.06 करोड़ की अचल संपत्ति है।
मुख्यमंत्री के सचिवों के पास कितनी संपत्ति?
वहीं, अगर मुख्यमंत्री के सचिवों की बात करें तो कुमार रवि 2.91 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनके पास 8.38 एकड़ कृषि और आवासीय भूमि है। सचिव अनुपम कुमार की कुल संपत्ति 2.89 करोड़ रुपये है, जिसमें उनकी पत्नी प्रतिमा एस. वर्मा (आईएएस) और बच्चों के नाम की संपत्ति भी जुड़ी है। अनुपम कुमार के नाम पर बेंगलुरु में दो फ्लैट भी दर्ज हैं। तीसरे सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह की कुल संपत्ति 2.22 करोड़ रुपये है। दिलचस्प बात यह है कि उनके परिवार के पास 1375 ग्राम सोना है, जिसे उन्होंने रिश्तेदारों से उपहार में मिला बताया है।
सबसे अमीर अफसरों की लिस्ट में पहले स्थान पर कौन?
वहीं सबसे अमीर अधिकारियों की बात करें तो बिहार के सबसे अमीर अफसरों की लिस्ट में पहले नंबर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थू हैं। इनके पास 11.02 करोड़ की संपत्ति है। वहीं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल के सबसे गरीब अधिकारी हैं। इनके पास महज 35.44 लाख रुपये की ही संपत्ति है। इधर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के पास 4.07 करोड़ रुपये की संपत्ति है। मुजफ्फरपुर में जमीन और गुरुग्राम में एक फ्लैट है। हालांकि, जमीन और फ्लैट के मूल्य कुल संपत्ति में नहीं जोड़े गए हैं।
डीजीपी विनय कुमार की संपत्ति
बिहार के डीजीपी विनय कुमार की आर्थिक प्रोफाइल के अनुसार, उनके पास नकद राशि शून्य है। लेकिन बचत खाते में 30 लाख 6 हजार रुपये से अधिक जमा हैं। वे वित्तीय अनुशासन के साथ 2,000 रुपये मासिक इक्विटी फंड और 10,000 रुपये एलआईसी प्रीमियम में निवेश करते हैं। उनके पास हुंडई की आई-10 कार है और निजी संग्रह में 525 ग्राम सोना तथा 1 किलो 520 ग्राम चांदी के जेवरात शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डीजीपी पर वर्तमान में 42 लाख रुपये का कर्ज भी है।
डीजीपी से अमीर पटना एसएसपी
बिहार के डीजीपी विनय कुमार से अधिक अमीर पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा हैं। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के पास 2.97 करोड़ की संपत्ति है। इनके घर में 810 ग्राम सोना है और बिहटा में करीब 6 डिसमिल जमीन है। जिसकी कीमत फिलहाल अंकित नहीं की गई है। वहीं, पटना के जिलाधिकारी की कुल संपत्ति 79.34 लाख रुपये है। इसमें 19.34 लाख चल और 60 लाख अचल संपत्ति शामिल है। पूरे परिवार के पास कुल 568 ग्राम सोने के गहने हैं।

