बुजुर्गों के सम्मान में डालसा टीम ने बढ़ाया कदम , विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर वृद्धाश्रम में पहुंचकर जाना हाल

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद : विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), धनबाद द्वारा जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार वीरेंद्र कुमार तिवारी के निर्देश पर आयोजित किया गया।

इस संबंध में अवर न्यायाधीश सह सचिव डालसा मयंक तुषार टोपनो ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में यह अभियान संचालित हुआ। इसके तहत बुजुर्गों के अधिकार, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर लोगों को जागरूक किया गया ताकि समाज में उनके साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न हो।

अभियान के क्रम में डालसा टीम ने जिले के दो वृद्धाश्रम – सबलपुर और लालमनी वृद्धाश्रम – का दौरा किया। वहां रह रहे लगभग 70 बुजुर्गों से मिलकर उनके स्वास्थ्य, सुविधा और देखरेख की स्थिति का जायजा लिया गया। सचिव डालसा ने वृद्धाश्रम के संचालक नौशाद गद्दी को निर्देश दिया कि सभी बुजुर्गों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले और उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या न हो।

इस दौरान बुजुर्गों के अधिकारों, सम्मान और उनके साथ गरिमामय व्यवहार पर विशेष जोर दिया गया। युवाओं से अपील की गई कि वे अपने बुजुर्गों का आदर करें और उनकी देखभाल को अपना कर्तव्य समझें।

समारोह में समाजसेवी अधिवक्ता मीना कुमारी, एलएडीसीएस डॉ. कुमार विमलेंदु, सहायक कन्हैयालाल ठाकुर, डालसा सहायक सौरभ सरकार एवं राजेश कुमार सिंह उपस्थित थे। इन सभी के द्वारा वृद्धजनों के बीच दैनिक उपयोग की सामग्री का वितरण भी किया गया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....