तोपचांची प्रखंड अंतर्गत नेरो पंचायत में सोमवार को आयोजित संध्या चौपाल के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। इस चौपाल में गड़ीडीह, रंगरंगी, निमडीह, अमराडीह और मदनपुर के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर पुष्पगुच्छ देकर उपायुक्त का स्वागत किया और पूरे उत्साह के साथ उन्हें विभिन्न टोला का भ्रमण कराया।
उपायुक्त ने ग्रामीणों को जल संरक्षण और आजीविका के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बड़े पैमाने पर बागवानी को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही पशुपालन और मत्स्य पालन को सामूहिक रूप से अपनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि ग्रामीण आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
योजनाओं को धरातल पर उतारने पर जोर, कोई भी पात्र लाभ से वंचित न रहे
चौपाल को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहकर वास्तविक रूप में धरातल पर लागू हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

