​DC का अल्टीमेटम: फाइलों में न उलझें जनता के काम, समय पर समाधान वरना होगी कार्रवाई

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न प्रखंडों व शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी शिकायतें व मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष रखे। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

जनशिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों में पेंशन, आवास निर्माण में बाधा पहुंचाने की शिकायत, ऋण, सेवानिवृत्ति लाभ, आवास योजना का लाभ, मानगो में बिजली समस्या, बीपीएल कोटा में निजी विद्यालय में नामांकन, जमीन विवाद, फीस माफी, घरेलू विवाद, जाति प्रमाण पत्र समेत जनहित से जुड़े अन्य आवेदन, ज्ञापन व मांगपत्र सम्मिलित रहे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदन से जुड़े लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। कमजोर व जरूरतमंद वर्गो से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायत निवारण दिवस आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक प्रयास है और इसका उद्देश्य प्रशासन व जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण करना है।

Share This Article