उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कांटाशोला में परखी ‘मुख्यमंत्री स्मार्ट ग्राम योजना’ की नब्ज, महिलाएं और किसान बनें आत्मनिर्भरता की मिसाल

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने डुमरिया प्रखंड अंतर्गत कांटाशोला गांव में मुख्यमंत्री स्मार्ट ग्राम योजना के तहत विकसित माइक्रो इकोनॉमिक जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं, किसानों व युवाओं से संवाद कर स्थानीय आजीविका आधारित गतिविधियों की जानकारी ली और इन गतिविधियों को और विस्तार देने की आवश्यकता पर जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, आत्मनिर्भरता बढ़ाने और रोजगार के स्थानीय अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह योजना एक सशक्त माध्यम है। ज़रूरत है कि समुदाय की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए और तकनीकी प्रशिक्षण व आधुनिक संसाधनों से उन्हें समर्थ बनाया जाए।

कांटाशोला में संचालित माइक्रो इकोनॉमिक जोन के तहत स्थानीय महिलाओं और किसानों को प्रशिक्षण उपरांत विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया है, जिनमें कृषि आधारित कार्य: नर्सरी, किचन गार्डन, सौर ऊर्जा से सिंचाई, जल संरक्षण, लघु उद्यम: हॉलर व ग्राइंडिंग मशीन, आटा चक्की, तेल मिल, सैनिटरी नैपकिन निर्माण, पशुपालन व पोल्ट्री विकास, पशु टीकाकरण, भंडारण व विपणन के लिए गोदाम निर्माण शामिल हैं।

उपायुक्त ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लघु उद्यमों से जुड़ी महिलाओं और किसानों को बड़ी संख्या में प्रशिक्षण देकर जोड़ा जाए तथा तकनीकी गतिविधियों से स्थानीय युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक गतिविधि का सतत मूल्यांकन करते हुए उसका प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, जवाबदेही और लाभुकों के प्रति निरंतर सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि सभी गतिविधियों में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य किया जाए। माइक्रो इकोनॉमिक जोन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे स्थानीय किसानों, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी और स्थायी आजीविका के अवसर सृजित होंगे। उन्होने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री स्मार्ट ग्राम योजना का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर प्रभावी, समावेशी और परिणामपरक हो, ताकि राज्य सरकार की आशा के अनुरूप ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता का लक्ष्य साकार किया जा सके।

Share This Article