बेलगड़िया टाउनशिप में विकास को मिल रही नई रफ्तार, लाभार्थियों को मिली ई-रिक्शा की सौगात; रोजगार परियोजना की रखी आधारशिला

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद: कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने गुरुवार को झरिया मास्टर प्लान के तहत विकसित बेलगड़िया टाउनशिप का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने “लाइवलीहुड एंड एम्प्लॉयमेंट जेनरेशन प्रोजेक्ट” का शिलान्यास किया और टाउनशिप में चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बेलगड़िया के लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। लोगों को टाउनशिप में बसाने के साथ-साथ कौशल विकास के जरिए रोजगार से भी जोड़ा जा रहा है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि कुटीर उद्योग के माध्यम से लोग अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं।

मंत्री ने लोगों से बच्चों, खासकर बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और मेहनत ही बेहतर भविष्य की कुंजी है तथा शिक्षा से परिवार की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाती हैं।

उन्होंने कहा कि बेलगड़िया टाउनशिप में लोगों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही कोयला मंत्रालय, जिला प्रशासन और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) लगातार झरिया मास्टर प्लान की निगरानी कर रहे हैं ताकि पुनर्वास कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।

मंत्री ने भू-धंसान और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से पुनर्वास में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेलगड़िया टाउनशिप में जनसुविधाओं की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। पुनर्वास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर लगातार काम किया जा रहा है।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि संशोधित झरिया मास्टर प्लान के तहत टाउनशिप के निवासियों को बिजली, पानी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, बस सेवा, ई-रिक्शा और स्वरोजगार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्थायी प्रशासनिक कार्यालय और टीओपी शुरू होने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है।

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि भू-धंसान और आग प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए बेलगड़िया टाउनशिप किसी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों से यहां विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं, जिससे लोगों में उत्साह का माहौल है।

बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि आईआईटी आईएसएम समेत विभिन्न संस्थानों की मदद से लोगों का कौशल विकास कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि संशोधित झरिया मास्टर प्लान के बाद बेलगड़िया टाउनशिप तेजी से विकसित होकर एक आधुनिक शहर का रूप लेने लगी है।

दौरे के दौरान मंत्री ने बीसीसीएल की सीएसआर योजना के तहत पांच लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाबियां सौंपी। साथ ही महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का भी निरीक्षण किया, जहां स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....