मिरर मीडिया : धनबाद IIT ISM में तीन दिवसीय
खेल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन IIT ISM परिसर में करीब सात वर्षों बाद होने जा रहा है। जिसकी मेजबानी आइआइटी आइएसएम धनबाद कर रहा है।
बता दें कि यह पूर्वी भारत का सबसे बड़ा स्पोटर्स फेस्ट है। तीन दिवसीय यह खेल उत्सव 17 मार्च यानि शुक्रवार से शुरू हो रहा है और 19 मार्च तक चलेगा। आयोजन की शुरूआत सुबह साढ़े छह बजे से होगा। जिसमें एथलेटिक्स, बास्केटबाल, वालीबाल, बैडमिंटन, लान टेनिस, टेबल टेनिस, कराटे, फुटबाल, क्रिकेट, स्क्वैश, हाकी, वेटलिफ्टिंग, कबड्डी, शतरंज आदि खेलों का आयोजन होगा। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम, अनौपचारिक खेल गतिविधियां और अन्य मनोरंजक कार्यक्रम होंगे।
जानकारी के अनुसार यह तीन दिवसीय खेल उत्सव में लगभग 12 लाख रुपये तक का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। खेल उत्सव में आइआइटी बाॅम्बे, आइआइटी दिल्ली समेत पूर्वी भारत के लगभग 23 कालेज के एक हजार आइआइटीयंंस दमखम दिखाएंगे। पहली बार पराक्रम खेल उत्सव में ई-स्पोटर्स भी डेब्यू कर रहा है। यह वर्चुअल इवेंट 18 और 19 मार्च को होगा। इसमें वर्चुअल बैटल ग्राउंड पर खिलाड़ी प्रतिभा दिखाते नजर आएंगे।
पराक्रम के अंतिम दिन आइआइटी आइएसएम धनबाद के वी द क्रू एक शानदार कार्यक्रम का प्रदर्शन करेगा।
पूर्वी भारत के सबसे बड़े खेल उत्सव पराक्रम में रोमांचक खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही खेल भावना भी देखने को मिलेगी। पराक्रम में सर्वश्रेष्ठ एथलीट शामिल होंगे। वहीं इस खेल उत्सव का थीम प्रधानमंत्री के अभियान लोकल फार वोकल के आधार पर रखा गया है।
इसमें ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा, नेशनल टेबल टेनिस विजेता सुतरिथा मुखर्जी, भारतीय पारा बैडमिंटन प्लेयर मनोज सरकार, भारतीय हाकी खिलाड़ी अशोक कुमार ध्यानचंद, अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर पूर्णिमा पांडेय, गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट सुगंधा कुमारी, स्वप्ना बर्मन, करिश्मा यादव, सौरव घोषाल आदि प्रमुख तौर पर शामिल हैं।