धनबाद। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकेश पाण्डेय ने धनबाद नगर निगम के नव निर्वाचित मेयर संजीव सिंह को शपथ ग्रहण के बाद हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुकेश पाण्डेय ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ संजीव सिंह को भारी मतों से विजयी बनाया है, वह इस बात का संकेत है कि शहर की जनता एक सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व चाहती थी। उन्होंने कहा कि अब नगर निगम क्षेत्र में सड़क, जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था और यातायात सुधार जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की बड़ी जिम्मेदारी नए मेयर पर है।
उन्होंने आगे कहा कि संजीव सिंह के पास अनुभव और कार्य करने की क्षमता है, जिसके दम पर धनबाद को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका कार्यकाल पारदर्शिता, जनसहभागिता और विकास की नई मिसाल पेश करेगा।
वहीं, मेयर संजीव सिंह ने मुकेश पाण्डेय का आभार जताते हुए कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि धनबाद को स्वच्छ, सुन्दर और विकसित शहर बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
मेयर ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता शहर की बुनियादी समस्याओं का जल्द समाधान करना और विकास कार्यों को गति देना है, ताकि धनबाद को एक आदर्श नगर के रूप में स्थापित किया जा सके।

