संवाददाता, बोकारो: बोकारो के सेक्टर-8 स्थित न्यू डी दुर्गा मंदिर के सामने रविवार सुबह पानी की समस्या को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया। इस घटना में बेबी देवी नामक महिला को बुरी तरह पीटा गया, जिनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता बेबी देवी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पानी को लेकर लगातार विवाद चल रहा था, जिसकी जानकारी उन्होंने स्थानीय थाने को दी थी, लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
बेबी देवी की ननद सुषमा देवी ने बिरजू नामक व्यक्ति और उसके परिवार पर आरोप लगाते हुए बताया कि बिरजू ने जबरन उनके घर का ताला तोड़कर नीचे रहना शुरू कर दिया और आए दिन विवाद करता है।
घटना की जानकारी मिलते ही बेबी देवी की बेटी पूजा कुमारी रांची से अस्पताल पहुंचीं और प्रशासन से न्याय की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।