जमशेदपुर : शहर के एमजीएम अस्पताल का कारनामा सामने आया है। घायल हाइवा चालक को मृत बताने के बाद फिर से उसे जीवित कर इलाज करने लगे। दरअसल रांची-टाटा सड़क मार्ग पर सड़क हादसे में घायल हाइवा चालक मधु सोय को इलाज के लिये मंगलवार की सुबह एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां पर पहले डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया था, लेकिन एक घंटे के बाद उसे फिर से जीवित बताकर इलाज शुरू कर दिया। परिवार के लोग जब पहुंचे तब देखा कि उसके मुंह में पंपिंग की जा रही है। ऐसे में परिवार के लोगों में भी आस बंधी हुई है। मधु सोय शहर के ही बागबेड़ा सोमाय झोपड़ी गांव का रहनेवाला है। अस्पताल में उसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। मधु कुछ बोल पाने की हालत में भी नहीं है। परिवार के लोग भी कुछ बता नहीं पा रहे हैं। रांची-टाटा सड़क मार्ग पर कहां पर सड़क हादसा हुआ है इसकी जानकारी भी देने वाला कोई नहीं है। वह कैसे अस्पताल तक पहुंचा इसकी जानकारी भी डॉक्टरों के पास नहीं है।
अस्पताल का कारनामा, डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत किया घोषित, एक घंटे के बाद जीवित बताकर इलाज किया शुरू
