प्रेम विवाह पर भारी पड़ा गुस्सा, भुइयांडीह में नवविवाहित जोड़े के घर पर हमला

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: कहते हैं कि प्यार करना आसान है, लेकिन उसे निभाना कांटों भरी राह पर चलने जैसा है। जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह से नाराज होकर युवती के परिजनों ने मर्यादाओं की सीमा लांघ दी।

क्या है पूरा मामला?
भुइयांडीह मुर्गा पाड़ा के रहने वाले 24 वर्षीय संजीत साहू का दिल पास की ही एक युवती पर आ गया था। समाज और परिवार की बंदिशों को पीछे छोड़ते हुए, इस जोड़े ने 14 मार्च को सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर शादी कर ली। शादी के बाद संजीत अपनी नई नवेली दुल्हन को लेकर हयूमपाइप इंद्रा नगर स्थित अपने घर पहुंचा, लेकिन उनकी खुशियों को अपनों की ही नजर लग गई।

आधी रात को ‘खूनी’ संघर्ष
शादी की खबर जैसे ही लड़की के परिजनों को मिली, उनके घर में मातम के बजाय गुस्सा फैल गया। रात करीब 11:30 बजे, जब पूरा मोहल्ला सो रहा था, तब युवती पक्ष के पांच लोग संजीत के घर आ धमके। हमलावरों ने संजीत के घर का मुख्य दरवाजा लात मारकर तोड़ दिया। घर में घुसते ही उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में संजीत के पक्ष से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Advertisement

इलाके में दहशत का माहौल
आधी रात को हुई इस तोड़फोड़ और चीख-पुकार से पूरे इंद्रा नगर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर माहौल बिगाड़ चुके थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है।

Share This Article