राज्यसभा चुनाव के बीच तेजस्वी से मिलने पहुंचीं मांझी की समधन और बहू, बिहार में बढ़ा सियासी सस्पेंस

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार में राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान कांग्रेस के तीन विधायकों के गायब होने की खबर है। इस बीच एनडीए में भी एक अलग ही चर्चा शुरू हो गई है। ये चर्चा राज्यसभा चुनाव के बीच बिहार विधानसभा से आई एक हैरान करने वाली तस्वीर के कारण है। दरअसल, वोटिंग के बीच एनडीए में शामिल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की विधायक ज्योति मांझी (जीतन राम मांझी की समधन) और विधायक दीपा मांझी (जीतन मांझी की बहू) ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की है।

तेजस्वी यादव के चैंबर से निकलते दिखीं

बिहार विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए वोट देने से पहले जीतन राम मांझी की समधन ज्योति मांझी और बहू दीपा मांझी ने तेजस्वी यादव से विधानसभा में ही मुलाकात की। हम की दोनों विधायकों ज्योति मांझी और दीपा मांझी को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मिलकर उनके कमरे से बाहर निकलते हुए देखा गया। ज्योति मांझी बाराचट्टी से तो दीपा मांझी इमामगंज से हम की विधायक हैं। दोनों राज्यसभा चुनाव के लिए वोट देने पहुंची थीं। उनकी तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद सियासी गलियारे में अलग ही चर्चा होने लगी है। 

Advertisement

इस मुलाकात के मायने क्या हैं?

बता दें कि तेजस्वी यादव के चैंबर से इन दोनों विधायकों के निकलने के बाद सोशल मीडिया पर क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चा होने लगी कि खेला हो गया। तेजस्वी यादव के चौंबर से ‘हम’ दोनों के दोनों विधायकों के निकलने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि जीतन मांझी की पार्टी की विधायक और उनकी बहू दीपा मांझी, साथ में समधन ज्योति कुमारी भी हैं जो तेजस्वी यादव के विधानसभा के चैंबर से बाहर निकल रही हैं। इस दौरान महागठबंधन के उम्मीदवार आरजेडी के एडी सिंह और एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल ईमान भी तेजस्वी यादव के कमरे से उनके साथ बाहर निकलते नजर आए। दोनों गठबंधन की ओर से अपने-अपने दावे किए जा रहे हैं।

हम ने बताया दोनों विधायक वहां क्यों गई?

दोनों विधायक वहां क्यों गई थीं इस पर पार्टी की ओर से बड़ा बयान आया है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने कहा, “गलती से दोनों विधायक तेजस्वी यादव के चैंबर में चली गई थीं। कुछ लोग अनावश्यक भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि दीपा कुमारी और ज्योति देवी नेता प्रतिपक्ष के चैंबर में गई थीं।” श्यम सुंदर शरण ने कहा, “मैं साफ कर देना चाहता हूं कि वे वहां अनजाने में चली गई थीं, इसमें किसी तरह की राजनीतिक मंशा नहीं थी। हम पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ एनडीए के साथ हैं और आगे भी रहेंगे। इस तरह की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। कृपया कोई गलतफहमी न पालें।”

Share This Article