बिहार में मौसम का दोहरा रंगः 14 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, उत्तर बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में लोग मौसम की दोहरी मार झेल रहे हैं।  एक तरफ दक्षिण बिहार में लोग लू और चिलचिलाती गर्मी से हलकान हैं तो दक्षिण बिहार में बेमौसम बारिश और बिजली से लोगों पर आफत टूटी है।  गुरुवार को प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया. जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

उत्तर और दक्षिण में मौसम के तेवर अलग-अलग

राज्य के अलग-अलग भागों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं शुष्क हवा का प्रभाव तो कहीं नमी युक्त हवा से उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर रही हैं। वहीं प्रदेश के उत्तर बिहार के मौसम का तेवर अलग है। यहां पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन के साथ वर्षा से मौसम अनुकूल बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग भागों का मौसम बदला रहेगा। पटना सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में दिन और रात गर्म रहने के साथ कई जिलों में लू चलने की संभावना है। 

इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट 

मौसम विज्ञान केंद्र ने आज शुक्रवार को स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई है। विभाग ने सूबे के 14 जिलों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर दक्षिण बिहार के जिलों में दोपहर के समय भीषण गर्म हवाएं झुलसा सकती हैं। प्रशासन ने अत्यधिक गर्मी को देखते हुए बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दोपहर के समय लू थपेड़े बनकर चलेगी। इसके अलावा पटना, जहानाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, बेगूसराय और लखीसराय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच केवल अति आवश्यक काम होने पर ही पूरी एहतियात के साथ घरों से बाहर निकलें।

बिहार में कहां रहा सबसे ज्यादा तापमान

सर्वाधिक अधिकतम तापमान : 43.4°C (20.05.2026) कैमूर (भभुआ) में दर्ज किया गया। राज्य का अधिकतम तापमान 34.4 – 43.4°C के बीच रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों के अधिकतम तापमान में 1-3 °C की वृद्धि दर्ज की गई ।

उत्तर बिहार में बेमौसम बारिश और बिजली का कहर

उधर उत्तर बिहार के जिलों में बेमौसम बारिश और बिजली ने कहर बरपा रखा है। मधेपुरा और सहरसा में ठनका (बिजली) गिरी और उसकी चपेट में आकर तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, दरभंगा में तेज हवा और आंधी के चलते एक अस्पताल की फॉल्स सीलिंग ही गिर गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश और बिजली का अलर्ट जारी किया है। जबकि दक्षिण बिहार के लिए मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर अलर्ट दिया है।

Share This Article