भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बची BJP जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम की भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। सिंहपोखरिया के पास हुए इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनके सिर और चेहरे पर गहरे जख्म आए हैं। फिलहाल उन्हें चाईबासा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही भाजपा खेमे में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचने लगे हैं।

सामने से आ रही इनोवा को बचाने में पलटी गाड़ी
​जानकारी के मुताबिक गीता बालमुचू जगन्नाथपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक खत्म कर चार पहिया वाहन से चाईबासा लौट रही थी। शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच सिंहपोखरिया के पास विपरीत दिशा से एक तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी आ रही थी। सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा से सीधी टक्कर को टालने के लिए गीता बालमुचू के चालक ने अचानक अपनी गाड़ी मोड़ दी। गाड़ी की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।

सदर अस्पताल में इलाज जारी, कराया गया सीटी स्कैन
​हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और सुरक्षा में तैनात कार्यकर्ताओं ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए गीता बालमुचू को गाड़ी से बाहर निकाला और सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सिर पर गंभीर चोट लगी है और चेहरे पर भी गहरे जख्म हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन कराया है ताकि अंदरूनी चोट का पता लगाया जा सके। डॉक्टरों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल (हायर सेंटर) रेफर किया जा सकता है।

प्रशासन अलर्ट, फरार इनोवा चालक की तलाश में जुटी पुलिस
​घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के आला अधिकारी भी सदर अस्पताल पहुंचे और उनके इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। इधर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस उस तेज रफ्तार इनोवा और उसके चालक की पहचान करने में जुट गई है, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है और उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Share This Article