सपनों को मिली उड़ान! ISRO पहुंचेगी झारखंड की 28 मेधावी छात्राएं, वैज्ञानिक बनने की प्रेरणा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : मुख्यमंत्री, झारखंड की प्रेरणा से और पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल पर, सरकारी स्कूलों की 28 छात्राओं को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (SDSC SHAR) के शैक्षिक दौरे पर भेजा गया है। यह दौरा 11 अगस्त, 2025 को होगा। इस दल में पीएम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अश्राम आवासीय विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और अन्य सरकारी स्कूलों की छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं के साथ कार्यपालक दण्डाधिकारी मृत्युंजय कुमार और अन्य प्रशिक्षकों की टीम भी गई है।

ग्रामीण छात्राओं के लिए बड़ा अवसर
छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण ग्रामीण और वंचित पृष्ठभूमि की छात्राओं के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए अवसर और संभावनाएं प्रदान करने के लिए आयोजित किया गया है। इस दौरान छात्राओं को इसरो के विभिन्न तकनीकी और अनुसंधान कार्यों को करीब से देखने का मौका मिलेगा। उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट प्रक्षेपण और उपग्रह प्रौद्योगिकी का सीधा अनुभव मिलेगा। उपायुक्त ने उम्मीद जताई कि यह दौरा इन छात्राओं के लिए एक यादगार अनुभव होगा और उनके भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर छात्राओं को बड़े सपने देखने और विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

Share This Article