आलोक चौरसिया के प्रयासों से डाल्टनगंज की दो सड़कों को मिली बड़ी सौगात, 33 करोड़ की योजनाओं पर लगी मुहर

Reena Sharma
2 Min Read

डाल्टनगंज–भंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक आलोक कुमार चौरसिया के प्रयासों से दो महत्वपूर्ण सड़कों के सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। पथ निर्माण विभाग ने डाल्टनगंज अंतर्गत हुटार से चैनपुर पथ के 32.05 किलोमीटर हिस्से की राइडिंग क्वालिटी में सुधार के लिए 18 करोड़ 18 लाख 54 हजार 600 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और जल्द ही सड़क के शिलान्यास का कार्य किया जाएगा।

इसी क्रम में शाहपुर–गढ़वा भाया बुढ़ीवीर तिल्दाग पथ के 27.800 किलोमीटर हिस्से की राइडिंग क्वालिटी में सुधार के लिए 14 करोड़ 97 लाख 25 हजार 400 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। इस सड़क के लिए भी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा। दोनों महत्वपूर्ण सड़कों के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और सड़क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने कहा कि डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र में बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और मजबूत बुनियादी सुविधाओं का निर्माण उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए वे संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय कर विकास योजनाओं को स्वीकृति दिलाने और उन्हें धरातल पर उतारने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण और संतुलित विकास के लिए सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को लगातार गति दी जाएगी।

विधायक ने कहा कि जनता की सुविधा, क्षेत्र का विकास और बेहतर भविष्य उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि विकास की गति बनी रहे और डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र लगातार आगे बढ़े, इसके लिए सभी आवश्यक विकास योजनाओं पर काम किया जाएगा।

Share This Article