डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में 134वें डूरंड कप 2025 के उपलक्ष्य में XLRI सभागार में एक भव्य समारोह में प्रतिष्ठित डूरंड कप ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में और स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के मंत्री रामदास सोरेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय सशस्त्र सेनाओं द्वारा किया गया, जिसे झारखंड सरकार का पूर्ण सहयोग प्राप्त था। समारोह में जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, खेल विभाग झारखंड के निदेशक शेखर जमुआर, भारतीय सेना के अधिकारी मोहित मल्होत्रा और परमजीत सिंह डागर, टाटा स्टील के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, तथा प्रशासन व पुलिस पदाधिकारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

राज्यपाल ने डूरंड कप को बताया राज्य के लिए गौरव का क्षण
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक डूरंड कप का आयोजन राज्य के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजनों से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों से बहुत कुछ सीखेंगे। राज्यपाल ने जोर दिया कि खेल, विशेषकर फुटबॉल, सभी वर्गों के बीच काफी लोकप्रिय है और यह हमें एकता, अनुशासन और टीम भावना सिखाता है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा खेल के माध्यम से युवाओं को जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने, नए अवसर प्रदान करने और खेल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी का दावा किया है। राज्यपाल ने भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन को इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए बधाई दी और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को प्रोत्साहित करता है।

राज्य सरकार खेल प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध : मंत्री रामदास सोरेन
माननीय मंत्री रामदास सोरेन ने अपने संबोधन में बताया कि राज्य सरकार की नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों और खेलों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी को राज्य के लिए गर्व की बात बताया। मंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि झारखंड के कई प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य सरकार खेलों के प्रोत्साहन के लिए लगातार कई महत्वपूर्ण फैसले ले रही है ताकि खिलाड़ियों और खेल का समग्र विकास हो सके।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, ट्रॉफी टूर से उत्साह
कार्यक्रम के दौरान, देश की एकता को समर्पित विभिन्न क्षेत्रों के लोक नृत्य और गीत की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। झारखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक कला को छऊ और संथाली नृत्य के माध्यम से कलाकारों ने खूबसूरती से प्रदर्शित किया। वहीं, भारतीय सेना के जवानों ने पंजाब का लोकप्रिय भांगड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों को फुटबॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

बता दें कि 134 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाले डूरंड कप की मेजबानी के लिए दूसरी बार जमशेदपुर को चुना गया है, जो पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 24 जुलाई से 11 अगस्त 2025 तक रोमांचक मुकाबले आयोजित होंगे, जिसमें जमशेदपुर FC, इंडियन आर्मी FT, त्रिभुवन आर्मी FC (नेपाल) और 1 लद्दाख FC की टीमें भाग लेंगी। 7 और 8 जुलाई को जमशेदपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रॉफी टूर किया जा रहा है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
