डीवीसी ने बिना सूचना 65,000 क्यूसेक पानी छोड़ा, बंगाल में लाखों की जान खतरे में :ममता

Manju
By Manju
1 Min Read

डिजिटल डेस्क/कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के अधीन डीवीसी ने दुर्गा पूजा के समापन पर बिना सूचना 65,000 क्यूसेक पानी छोड़ दिया, जिससे लाखों लोगों की जान खतरे में पड़ गई। ममता ने इसे ‘लापरवाही और साजिश’ करार देते हुए अपनी एक्स पोस्ट में लिखा, ‘यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि डीवीसी द्वारा रची गई आपदा है।’

उन्होंने कहा कि यह कदम त्योहार के दौरान बंगाल को परेशान करने की कोशिश है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ममता ने चेतावनी दी कि बंगाल के खिलाफ हर साजिश का पूरी ताकत से विरोध होगा। यह पहली बार नहीं है जब ममता ने डीवीसी पर बाढ़ के लिए बिना सूचना पानी छोड़ने का आरोप लगाया है। पहले भी कई मौकों पर वे डीवीसी को जिम्मेदार ठहरा चुकी हैं। ममता ने कहा, झूठ पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत होगी।

Share This Article