सोमवार तड़के जापान के उत्तरी हिस्से में तेज भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। इसका केंद्र साराबेत्सु से करीब 18 किलोमीटर पश्चिम में और जमीन से लगभग 81 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के तेज झटकों से इलाके में लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रभावित क्षेत्रों में झटके इतने तेज थे कि लोगों को खड़े रहने में भी कठिनाई हुई, वहीं कुछ स्थानों पर घरों के अंदर रखा सामान गिरने की घटनाएं सामने आईं।
हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। जापान मौसम एजेंसी ने भी स्पष्ट किया है कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है और न ही कोई चेतावनी जारी की गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह भूकंप सुबह करीब 5:24 बजे (जापान समय) आया, जिससे लोगों की नींद खुल गई और पूरे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। विशेषज्ञ लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

