बिहार में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। अधिकांश जिलों का पारा 40 पार पार जा पहुंचा है। इस बीच अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं आज यानी सोमवार को मौसम विभाग ने 13 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
13 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, वायुमंडलीय अस्थिरता और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण उत्तरी बिहार के 13 जिलों में मौसम बिगड़ गया है। मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
इन इलाकों में धूल भरी आंधी और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा, ओलावृष्टि के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी प्रबल संभावना है। वैज्ञानिकों ने विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों के निवासियों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान वे ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।
डेहरी राज्य का सबसे गर्म स्थान
आंधी बारिश के अलर्ट के बीच दक्षिण बिहार में गर्मी का जानलेवा स्तर बरकरार है। रविवार को रोहतास जिले का डेहरी क्षेत्र 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। प्रदेश के 8 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है। इनमें रोहतास के साथ कैमूर, बक्सर, गया, नालंदा, शेखपुरा, अरवल और सीवान शामिल हैं।
तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक
भीषण गर्मी की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भोजपुर में लू लगने से एक महिला की मौत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में अगले 24 घंटे में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक रह सकता है, जिससे दोपहर के समय घर से बाहर निकलना जोखिम भरा होगा।

