डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड के रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार तड़के जंगलों से निकलकर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे रिहायशी इलाकों में दाखिल हुए हाथियों के एक झुंड ने भारी उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में खौफ का माहौल है।
खेत में काम करते वक्त हमला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रजरप्पा थाना क्षेत्र की बड़कीपोना पंचायत अंतर्गत डाड़ीटुंगरी की रहने वाली भानो देवी (50 वर्ष) सुबह-सुबह अपने खेत में कृषि कार्य के लिए गई थी। इसी दौरान बघलता की ओर से आए लगभग 15 हाथियों के दल ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और हाथियों ने उन्हें पटक-पटककर मार डाला। हाथियों के इस दल में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
इलाके में फैली दहशत, स्कूल कराया गया बंद
घटना को अंजाम देने के बाद हाथियों का यह दल बड़कीपोना रेलवे स्टेशन, ईदगाह मैदान और लारी रोड से होते हुए मायल स्टेशन की दिशा में बढ़ गया। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए छतों पर शरण लेने को मजबूर हो गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़कीपोना को एहतियातन बंद करा दिया गया है।
प्रशासन और वन विभाग अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा पुलिस और वन विभाग की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन और पंचायत मुखिया अरविंद सिंह लाउडस्पीकर के जरिए गांव-गांव में मुनादी करवा रहे हैं, जिससे लोगों को हाथियों के करीब न जाने की सलाह दी जा रही है। वन विभाग हाथियों की हर हलचल पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी और अनहोनी को रोका जा सके।

