पटना में मरीन ड्राइव पर मुठभेड़, पुलिस ने सुबोध सिंह गैंग के शूटर को दौड़ाकर मारी गोली

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पटना के मरीन ड्राइव पर आज, रविवार सुबह-सुबह अपराधी और पुलिस के बीच एनकाउंटर हुई है। पीरबहोर थाना क्षेत्र के पीएमसीएच के पास मरीन ड्राइव पर पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने सुबोध सिंह गैंग के सक्रिय गुर्गे अमित कुमार उर्फ नीतीश को घेर लिया। पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया।

बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की थी तैयारी

अमित पटना में एक बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने पहुंचा था। लेकिन, इसकी सूचना मिल गई। घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से हुई जवाबी फायरिंग में अमित कुमार उर्फ नीतीश के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में अपराधी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है।

रौशन उर्फ तात्या की हत्या की थी साजिश

पुलिस सूत्रों का कहना है कि पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुबोध सिंह ने पटना के बेऊर जेल में बंद रौशन उर्फ तात्या की हत्या करने के लिए अमित को सुपारी दिया था। अमित इस घटना को अंजाम देने के लिए अपनी पूरी तैयारी भी कर लिया था। सूत्रों के अनुसार रौशन को कोर्ट पेशी के दौरान मरीन ड्राइव पर हत्या करने की साजिश रची थी। लेकिन, घटना से पहले ही पुलिस को इसकी सूचना मिल गई और पुलिस ने घेराबंदी कर अमित को गिरफ्तार कर ली।

अमित का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अपराधी अमित उर्फ नीतीश मूल रूप से वैशाली जिले का रहने वाला है। अमित का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है। अंतरराज्यीय अपराधी सुबोध सिंह के गिरोह के लिए काम करता है। पुलिस रिकॉर्ड में अमित का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई संगीन मामलों में वांछित था।

Share This Article