बिहार के भागलपुर जिले में सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर मंगलवार को अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी की मौत हो गई। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की हत्या पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सीएम सम्राट चौधरी ने परिवार को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। साथ ही, दिवंगत अधिकारी के दाह-संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ सम्पन्न कराने की बात भी कही है।
राजकीय सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कृष्ण भूषण कुमार ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। शोक संतप्त परिजनों के प्रति इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हैं। उनके परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। दिवंगत अधिकारी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ सम्पन्न कराई जाएगी।
कार्यालय में दिनदहाड़े घुसकर हत्या
बता दें कि, मंगलवार को भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े घुसे बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। जब अपराधी कार्यालय में घुसे और सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू तथा कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार पर गोली चला दी। गोली लगने से कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सभापति राजकुमार को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

