बिहार में अगले महीने दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। दोनों चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। पहले चरण के लिए नामांकन करने की आखिरी तारीख शुक्रवार यानी 17 अक्टूबर है। ऐसे में बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बुधवार को अपना नामांकन भर दिया।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने हाई-प्रोफाइल सीट राघोपुर से नामांकन दाखिल कर दिया है। तेजस्वी यादव ने राघोपुर विधानसभा सीट से तीसरी बार अपना नामांकन दाखिल किया। नेता प्रतिपक्ष बुधवार दोपहर हाजीपुर विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी देव कुमार चौरसिया के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। उनके साथ एक दर्जन से अधिक गाड़ियों का काफिला था। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन में पिता लालू प्रसाद रहे मौजूद
तेजस्वी के नामांकन में पिता लालू प्रसाद यादव भी मौजूद रहे। लालू यादव व्हील चेयर पर थे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और तेजस्वी की बड़ी बहन मीसा भारती भी मौजूद रहीं। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। समाहरणालय कैंपस में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।
महागठबंधन सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय नहीं
महागठबंधन में अभी अब तक सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय नहीं हुआ है। लेकिन, राजद और वामदल ने अपने प्रत्याशियों को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतार दिया है। तेजस्वी यादव महागठबंधन के समन्वय समिति के अध्यक्ष भी हैं।
पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को
बता दें कि बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। जिसके लिए चुनाव प्रचार 4 नवंबर को थम जाएगा। जबकि दूसरे चरण के लिए वोटिंग 11 नवंबर को होगी. जिसके लिए 9 नवंबर चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होगा।

