डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी के जुगसलाई थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब मामूली रकम के लिए भी खुलेआम हथियार लहराए जा रहे हैं। रविवार की देर रात जुगसलाई के मिल्लत नगर (हबीब नगर) में रंगदारी और उधारी के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मोहल्ले के ही दो दबंग युवकों पर एक जनरल स्टोर संचालक को डराने और इलाके में खौफ पैदा करने के लिए ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करने का संगीन आरोप लगा है।
₹150 के सामान से शुरू हुआ पूरा फसाद
मिली जानकारी के अनुसार बच्चा राज और पलटन नाम के दो युवक मिल्लत नगर स्थित एक जनरल स्टोर पर पहुंचे। उन्होंने पहले दुकान से करीब 150 रुपये का सामान लिया। लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों युवक दोबारा दुकान पर धमक पड़े और दुकानदार से ही पैसों (रंगदारी) की मांग करने लगे। दुकानदार ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए।
जान बचाने के लिए गिराया शटर, तो बरसाई गोलियां
विवाद को बढ़ता देख और खुद को असुरक्षित पाकर दुकानदार ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत अपनी दुकान का लोहे का शटर गिरा दिया। दुकान बंद होने से बौखलाए दोनों आरोपियों ने पहले शटर पर लात-घूंसे मारकर तोड़फोड़ करने की कोशिश की। इससे भी जब उनका मन नहीं भरा, तो पूरे मोहल्ले में अपनी धमक कायम करने के लिए उन्होंने कमर से पिस्टल निकालकर दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी।
चश्मदीदों का बयान: फायरिंग की आवाज इतनी तेज थी कि लोग सहम गए। एक गोली सीधे दुकान के सामने जमीन पर लगी, जबकि दूसरी पास के ही एक हिस्से में दागी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।
मौके पर पहुंची पुलिस, मिले खोखे
सरेराह हुई इस फायरिंग से हबीब नगर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए मामले की सूचना जुगसलाई थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
डीएसपी सुमित कुमार का बयान: अपराधियों का पुराना है इतिहास
स्थानीय निवासियों का कहना है कि फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी युवक आदतन अपराधी हैं और पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उनके खिलाफ थाने में पहले से कई शिकायतें दर्ज हैं।इस पूरे मामले पर जुगसलाई के डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। वारदात स्थल से खोखे बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

