डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। नीमडीह थाना पुलिस ने तेतलो गांव में एक मिनी अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार बिन्हा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तेतलो गांव निवासी अशोक गोप के घर के बाहर खड़े एक टेम्पो से भारी मात्रा में भरी 458 बोतल नकली शराब बरामद की। मौके से चांडिल के भादुडीह गांव निवासी निरंजन गोराई और जमशेदपुर के परसुडीह निवासी प्रकाश कुमार गुप्ता को रंगे हाथ पकड़ा गया।
घर की तलाशी लेने पर पुलिस को शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला स्प्रीट, विभिन्न ब्रांडों के लेबल, स्टिकर, बोतलों के ढक्कन और अन्य सामग्री मिली। पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शराब की भारी मांग को देखते हुए वे यहां नकली शराब का निर्माण कर रहे थे। वे इस नकली शराब को अपने टेम्पो से नीमडीह और चांडिल थाना क्षेत्रों में सप्लाई करते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस गोरखधंधे में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

