बिहार में अररिया–पूर्णिया मुख्य मार्ग पर खे दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कुसियार गांव पार्क के समीप मंगलवार को ये हादसा उस समय हुआ, जब एक स्कॉर्पियो ड्राइवर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में खोया नियंत्रण
ये हादसा नेशनल हाईवे-27 पर कुसियार गांव में स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के समीप हुआ। हादसा उस समय हुआ, जब एक स्कॉर्पियो ड्राइवर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में वाहन से नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराई और उसके बाद दूसरी लेन में पहुंचकर सामने से आ रही मारुति ब्रेजा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मां-बेटे समेत एक ही परिवार में तीन मौत
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के सकमा बिशनपुर गांव के रहने वाले 70 वर्षीय मायानंद झा, 45 वर्षीय गौतम कुमार ठाकुर और 60 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है। शांति और गौतम मां-बेटे थे, जबकि मायानंद गौतम के चाचा थे। इसके अलावे घटना में गैयारी निवासी 25 वर्षीय साइकिल सवार मोहम्मद कोनैन की भी हादसे में जान गई है।
हादसे में करीब 10 लोग घायल
बताया जाता है कि मृतक आपस में मां-बेटे और चाचा के रिश्ते में थे। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो पर सवार छह लोग मधेपुरा जिले के रामनगर में एक रिश्तेदार के क्रियाकर्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर आए साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो और ब्रेजा में सवार कुल 10 लोग घायल हुए हैं।

