डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। गोइलकेरा और टोंटो थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके बोरोई के जंगलों में बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया है। सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि इस दस्ते में 1 करोड़ रुपये का इनामी नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा भी छिपा हो सकता है।
खुफिया इनपुट पर ‘कोबरा’ का प्रहार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बोरोई के जंगलों में नक्सलियों का एक बड़ा दस्ता किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए जुटा है। इसके बाद कोबरा 209 बटालियन के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जंगल के भीतर संदिग्ध हलचल दिखने के बाद नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभाला। जवाबी कार्रवाई में एक नक्सली ढेर हो गया, जबकि अन्य घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ और एक नक्सली के मारे जाने की पुष्टि की है। घटनास्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।खुफिया विभाग के अनुसार इस दस्ते में खूंखार नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा की मौजूदगी की प्रबल संभावना है।
चुनौतीपूर्ण है ‘जंग-ए-मैदान’
बोरोई का यह इलाका अपनी दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों के लिए जाना जाता है, जिससे सुरक्षाबलों के लिए ऑपरेशन चलाना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है।बावजूद इसके, जवानों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है।
गांवों में हाई अलर्ट
नक्सलियों की संभावित आवाजाही को देखते हुए आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी, तब तक सर्च अभियान लगातार जारी रहेगा।

