दिल्ली में बिहार के युवक की मौत पर सीएम सम्राट चौधरी दुखी, पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे का ऐलान

Neelam
By Neelam
2 Min Read

देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका में हुई बिहार के खगड़िया के युवक की मौत पर बिहार की राजनीति गर्म हो गई है। इस बीच बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पांडव कुमार की दिल्ली में गोली मारकर की गई हत्या पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का भी ऐलान किया है।

सीएम ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

सीएम सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए इस मामले में अपनी संवेदना व्यक्त की। जानकारी दी कि मृतक के परिवार को आठ लाख रुपये दिए जाएंगे। सम्राट चौधरी ने कहा, दिल्ली के द्वारिका में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में खगड़िया निवासी श्रमिक पांडव कुमार की मौत अत्यंत ही पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रशासन न्यायपूर्ण कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

मृतक के परिवार को मिलेंगे आठ लाख रुपये

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने श्रम संसाधन विभाग से मृतक के आश्रित को चार लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से चार लाख रुपये यानी कुल आठ लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

चिराग पासवान की पार्टी ने की 2 लाख की मदद

इससे पहले बीते मंगलवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी के सांसद राजेश वर्मा ने पांडव कुमार के परिजनों से मुलाकात की थी। चिराग पासवान ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए इस घटना पर कहा कि यह अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है। यह घटना कानून-व्यवस्था और मानवाधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। किसी भी स्थिति में न्यायिक प्रक्रिया से परे इस प्रकार की कार्रवाई स्वीकार्य नहीं हो सकती। पार्टी की ओर से पीड़ित परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद भी की गई।

Share This Article