मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य सभा जाने से पहले बिहार का दौरा कर विकास योजनाओं का जायजा ले रहे हैं। जिसके तहत सोमवार से उनकी समृद्धि यात्रा का पांचवां चरण शुरू होने जा रहा है। आज सीएम नीतीश कुमार जहानाबाद से अपनी यात्रा की शुरूआत करेंगे। पहले दिन जहाबाद के बाद अरवल को विकास योजनाओं की सौगात देंगे।26 मार्च तक चलने वाले इस अंतिम चरण में मुख्यमंत्री कुल 8 जिलों का दौरा करेंगे।
252 करोड़ की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री यहां करीब 252 करोड़ रुपये की 161 विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 150 करोड़ रुपये की लागत से 73 नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी, जबकि लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 88 योजनाओं का उद्घाटन होगा। जहानाबाद में सीएम 46 करोड़ रुपये की लागत से बने अंबेडकर आवासीय कन्या विद्यालय का उद्घाटन करेंगे, जो वंचित छात्राओं के लिए शिक्षा का नया केंद्र बनेगा। इसके साथ ही, शहर की जल निकासी और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 56 करोड़ रुपये की सड़क और नाला परियोजनाओं की सौगात भी दी जाएगी।
जहानाबाद में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को घोषणा की आस
समृद्धि यात्रा के दौरान इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पहलू जहानाबाद में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर होने वाली संभावित घोषणा है, जो लंबे समय से जमीन विवाद के कारण लंबित है। बुनियादी ढांचे के शिलान्यास के बाद, मुख्यमंत्री गांधी मैदान में एक सभा को संबोधित करेंगे। रैली को संबोधित करने से पहले, मुख्यमंत्री एक जिला-स्तरीय समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसके दौरान वे सात निश्चय-2 पहल की वर्तमान स्थिति और प्रगति यात्रा के दौरान किए गए वादों का जायजा लेंगे।
अरवल को देंगे 153 करोड़ की सौगात
जहानाबाद के बाद सीएम नीतीश अरवल पहुंचेंगे। सीएम इस जिले को भी बड़ी विकास सौगात देंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 153 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री 63 करोड़ रुपये की लागत से 22 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 90 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 250 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इससे जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री इटवा मॉडल हाई स्कूल का निरीक्षण करेंगे, जहां वे आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लेंगे।

