Bihar: गयाजी में जन सुराज पार्टी के नेता पर फायरिंग, बाल-बाल बचे गजेंद्र सिंह

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के गयाजी जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में जनसुराज नेता गजेंद्र सिंह पर अपराधियों ने फायरिंग की है। हालांकि इस फायरिंग में प्रशांत किशोर की पार्टी के नेता बाल-बाल बच गए। गजेन्द्र सिंह को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं है। एक गोली उनकी गाड़ी में लगने की बात सामने आई है। पुलिस जांच में जुट गई है।

गयाजी के जन सुराज नेता और नगर निगम पार्षद गजेंद्र सिंह पर बाइक सवार अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। घटना में अपराधियों ने स्कॉर्पियो पर गोली चलाई, जिसमें एक गोली वाहन को लगी और दो गोलियां चूक गईं। रामपुर थाना की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह ने बताया कि वारदात ऐसी जगह पर हुई है, जहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ था। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। 

बाइक सवार अपराधियों ने की फायरिंग

बताया जा रहा है कि गजेंद्र सिंह सोमवार की देर रात गयाजी शहर के चंदौती थाना क्षेत्र से अपने वाहन से लौट रहे थे। वे अपने किसी परिचित से मिलकर अपने आवास एपी कॉलनी लौट रहे थे। इसी दौरान चंदौती रोड पर एलआईसी कार्यालय के पास, बाइक सवार अपराधियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान गजेंद्र सिंह ने वाहन को तेज रफ्तार में भगाया और रामपुर थाना पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

जन सुराज ने कहा- राजनीतिक साजिश

जन सुराज के समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं। जन सुराज के नेताओं ने अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे स्थानीय गुंडा तत्वों का हाथ हो सकता है, जो राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं।

प्रशांत किशोर के करीबी गजेंद्र सिंह

गजेंद्र सिंह, जो कि गया विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं। वह जन सुराज पार्टी के प्रमुख चेहरे हैं। पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर के करीबी माने जाने वाले गजेंद्र सिंह ने हाल ही में पार्टी की सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे दलित और पिछड़े वर्गों के मुद्दों पर जोर देकर चुनावी मैदान में उतरने वाले थे।

Share This Article