पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने दानापुर स्थित मधु विहार रेलवे कॉलोनी एवं जगजीवन स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलोनी में साफ-सफाई, रेलकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं और रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया। कॉलोनी की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने रेल आवासों में रहने वाले कर्मचारियों के लिए कम्यूनिटी हॉल के निर्माण और बच्चों के लिए खेल पार्क विकसित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद महाप्रबंधक ने 32 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित जगजीवन स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण की ड्राइंग का अवलोकन किया और अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। योजना के तहत स्टेडियम में हॉस्टल, पवेलियन सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और इसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेडियम के विस्तार और आधुनिकीकरण से रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल केवल परिवहन सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और मानवीय विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हाजीपुर स्थित कोनहाराघाट रेलवे कॉलोनी में 7.14 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत रेलवे स्टेडियम के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है। यहां क्रिकेट और फुटबॉल के लिए आधुनिक मैदान विकसित किए जाएंगे।
इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार सहित मुख्यालय और मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

