नई दिल्ली के जंतर मंतर के साथ-साथ अब कॉकरोच जनता पार्टी ने बिहार का रुख किया है। आज यानी 24 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी ने पटना में छात्र प्रदर्शन का ऐलान किया है। आज एक बार फिर से कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले छात्र सड़क पर उतरेंगे।
पटना में जबरदस्त झड़प के आसार
पटना में कॉकरोच जनता पार्टी के आज के विरोध प्रदर्शन को लेकर पोस्टर भी जारी कर दिया है। इस पोस्टर में लिखा है कि ’24 जुलाई, पटना बंद, बिहार स्टूडेंट्स की तरफ से। सभी पटना स्टूडेंट्स से कहना है कि सड़क पर उतरने के लिए तैयार हो जाओ।’ आज भी पटना में जबरदस्त झड़प के आसार नजर आ रहे हैं।
मुंगेर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे छात्र
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे नीट पेपर लीक विरोधी आंदोलन की गूंज अब मुंगेर में भी सुनाई दे रही है। बीती रात से समाहरणालय के समीप छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय किया है। उनका कहना है कि जब तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का आंदोलन जारी रहेगा, तब तक मुंगेर में भी उनका धरना लगातार चलता रहेगा। प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की। फिलहाल समाहरणालय के समीप छात्रों का धरना शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
अगले आदेश तक सभी पुलिसकर्मियों के अवकाश रद्द
छात्रों के आंदोलन-प्रदर्शन को देखते हुए अगले आदेश तक सभी पुलिसकर्मियों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय ने गुरुवार को इससे जुड़ा आदेश जारी किया है। इसके अलावा विधि-व्यवस्था प्रभाग ने सभी क्षेत्रीय आईजी-डीआईजी और एसपी को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। आंदोलन, धरना-प्रदर्शन आदि की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। शहरों के प्रमुख चौक-चौराहों पर एहतियातन फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर रखी जा रही नजर
इसके साथ ही फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, वाट्सएप ग्रुप एवं अन्य डिजिटल माध्यमों की लगातार मॉनीटरिंग करने को कहा गया है, ताकि भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित करने से रोका जा सके। गलत सूचना फैलाने वालो लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद जिलों में छात्र संगठनों की गतिविधियों और कार्यक्रमों की पूर्व सूचना संकलित करने का काम शुरू हो गया है। वज्र वाहन, वाटर कैनन आदि को 24 घंटे तैयार हालत में रखा जा रहा है।

