गंगा दशहरा पर बोकारो में दामोदर महोत्सव में राज्यपाल संतोष गंगवार ने की शिरकत, नदी संरक्षण पर दिया संदेश

Uday Kumar Pandey
2 Min Read
Oplus_131072

बोकारो। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर गुरुवार को बोकारो जिले के पुपुनकी स्थित दामोदर नदी किनारे भव्य रूप से देवनद दामोदर महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य था – दामोदर नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना।

इस कार्यक्रम का आयोजन युगांतर भारती (दामोदर बचाओ आंदोलन), नेचर फाउंडेशन, दामोदर क्षेत्र विकास ट्रस्ट एवं आईआईटी-आईएसएम धनबाद के सहयोग से किया गया।

महोत्सव में जमशेदपुर पश्चिम से विधायक और दामोदर संरक्षण अभियान के प्रणेता सरयू राय तथा बोकारो विधायक श्वेता सिंह की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल का पारंपरिक स्वागत किया गया और बाद में उन्होंने दोनों विधायकों के साथ मिलकर दामोदर नदी की आरती में भाग लिया।

राज्यपाल ने दिया नदी स्वच्छता का संदेश

मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि “नदी को स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में नदी संरक्षण और स्वच्छता को लेकर गंभीर प्रयास शुरू हुए हैं। उन्होंने माना कि दामोदर नदी को प्रदूषित करने में उद्योगों के साथ-साथ आम जनता की भी भूमिका है, जिसे बदलना होगा।

सरयू राय और श्वेता सिंह ने रखे विचार

विधायक सरयू राय ने कहा कि “हमने लगातार दामोदर नदी के संरक्षण की दिशा में काम किया है। आज नदी की स्थिति पहले से बेहतर है, लेकिन इसके दीर्घकालिक संरक्षण के लिए और प्रयास जरूरी हैं।”

वहीं बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने इस अवसर को बोकारो-चास क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “राज्यपाल की उपस्थिति ने इस अभियान को नई दिशा दी है। रिवर फ्रंट निर्माण की जो योजना सामने आई है, हम उम्मीद करते हैं कि वह जल्द धरातल पर उतरेगी।”

TAGGED:
Share This Article
Follow:
मैं उदय कुमार पाण्डेय, मिरर मीडिया के न्यूज डेस्क पर कार्यरत हूँ।