गुमला: रायडीह थाना क्षेत्र के सीलम पंचायत अंतर्गत कुलमुंडा गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब 57 वर्षीय असरू मुंडा जंगल में बकरी खोजने के दौरान बम विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना रात करीब 9 बजे की है, जब असरू मुंडा जंगल की ओर गए थे। इस दौरान एक मेड (मेढ़) में उन्हें बम मिला, जिसे उन्होंने अनजाने में छूकर दबाने की कोशिश की। तभी बम विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि बम का छर्रा असरू मुंडा के पेट में जा धंसा, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। इसके साथ ही उनके दोनों हाथों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायल असरू मुंडा को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि यह बम किसी ग्रामीण द्वारा जंगली सूअर और अन्य जानवरों से फसल की रक्षा के लिए मेड में लगाया गया था। तेज गर्मी के कारण बम के दबते ही यह विस्फोट हो गया।
फिलहाल असरू मुंडा की स्थिति गंभीर बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि ऐसे खतरनाक उपायों से बचें, जिससे निर्दोष लोगों की जान पर बन सकती है।