हाथ में पिस्टल लेकर रील बनाना पड़ा भारी, हो गई वायरल, जाना पड़ा जेल

Reena Sharma
3 Min Read

रील के चक्कर में आज के युवाओं का क्या-क्या नहीं देखना पड़ा रहा है। बिहार में रील बनाने का शौक एक महिला को भारी पड़ गया। दरभंगा जिले में एक महिला का पिस्टल के साथ डांस करते हुए वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ। फिर क्या था, पुलिस उसके घर पहुंच गई। पुलिस ने महिला के घर पर छापेमारी कर पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद करने का दावा किया है और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पिस्टल चमकाते हुए डांस का वीडियो हुआ वायरल

मामला घनश्यामपुर थाना क्षेत्र का है। यहां एक महिला का पिस्टल चमकाते हुए डांस का वीडियो तेजी से वायरल हो गया। महिला ने भोजपुरी गाने पर डांस करते हुए हाथ में पिस्टल लेकर वीडियो बनाया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो उसकी सत्यता और उसमें नजर आ रही महिला की पहचान की जांच शुरू की गई।

Advertisement

तलाशी में घर से मिले एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस

बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर कुमार के मुताबिक, वीडियो की जांच के बाद महिला की पहचान घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव निवासी लाखो देवी के रूप में हुई। इसके बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस ने तलाशी के दौरान एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकदी बरामद करने की बात कही है।

महिला को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा

पुलिस ने महिला को अवैध हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसकी पुष्टि करते हुए बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि महिला का पिस्टल के साथ डांस करते हुए वीडियो थाना के सरकारी नंबर पर प्राप्त हुआ था। इसके बाद महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला पर पहले से भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। हालांकि, इस पुराने मामले की प्रकृति और वर्तमान हथियार मामले से उसका कोई संबंध है या नहीं, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Share This Article