झारखंड विधानसभा में धनबाद की स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के मुद्दे गूंजे, विधायक राज सिन्हा ने उठाए कई अहम सवाल

KK Sagar
3 Min Read

रांची/धनबाद। झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने विधानसभा में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता के साथ सदन के समक्ष उठाया। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य सुविधाओं, पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता से जुड़े विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

विधानसभा में राज सिन्हा ने धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में जीवन रक्षक उपकरण ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर के खराब पड़े होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मौजूद एक मशीन फिलहाल बंद पड़ी है, जबकि दूसरी मशीन लगभग 10 वर्ष पुरानी और जर्जर स्थिति में है। इसके कारण मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि ब्लड ट्रांसपोर्टेशन वैन या कैन की व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को रक्त लाने और उसके सुरक्षित स्टोरेज में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। विधायक ने सरकार से अस्पताल में नया ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर उपलब्ध कराने और ब्लड ट्रांसपोर्टेशन वैन/कैन की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त मिल सके।

इसके अलावा तारांकित प्रश्न के तहत उन्होंने गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग से चौकीदार संवर्ग नियमावली 2015 से जुड़ा सवाल भी उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या झारखंड पुलिस हस्तक भाग-1 के नियम 110 (ख)(1) एवं 110 (ख)(3) के तहत ग्रामीण पुलिस थानों में चौकीदारों के लिए दैनिक परेड पद्धति का विभागीय प्रावधान है।

राज सिन्हा ने यह भी सवाल उठाया कि विभागीय प्रावधान के विपरीत धनबाद सहित राज्य के कई जिलों में नवनियुक्त चौकीदारों (ग्राम रक्षा दल) की तैनाती अन्य कार्यालयों में कर दी गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से पूछा कि विभागीय नियमों के अनुसार नवनियुक्त चौकीदारों की तैनाती ग्रामीण पुलिस थानों में कब तक सुनिश्चित की जाएगी।

विधानसभा में एक अन्य प्रश्न के माध्यम से उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 37 का भी उल्लेख किया। उन्होंने पूछा कि क्या इसके तहत प्रत्येक जिला और राज्य स्तर पर पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा प्रत्येक थाना और जिला मुख्यालय में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित करने का प्रावधान है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या अब तक सभी थानों और जिला नियंत्रण कक्षों में इसके लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

विधायक राज सिन्हा ने सरकार से मांग की कि सभी थाना और जिला नियंत्रण कक्षों में प्रतिदिन गिरफ्तार व्यक्तियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित करने के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था जल्द की जाए। उनका कहना था कि इससे प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी और आम जनता को भी जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....