बंद घर को चोरों ने खंगाला, लाखों के जेवरात पार, जांच जारी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। पाकुड़गोड़ा इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 65 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत के साथ-साथ पुलिस के रवैये को लेकर भारी आक्रोश है।

सूने घर का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, घर के मालिक राज पांडे अपने परिवार के साथ किसी निजी काम से आरा (बिहार) गए हुए थे। घर खाली देख चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़ दिया और बेखौफ होकर घर के अंदर रखी कीमती ज्वेलरी और नकदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात पुलिस का व्यवहार रही। परिजनों का आरोप है कि चोरी की सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो जांच करने के बजाय वे शिकायतकर्ता को ही डांटने लगे। पुलिस ने पीड़ित परिवार से कहा कि उन्हें 100 नंबर पर कॉल करने के बजाय सीधे गम्हरिया थाना आकर लिखित शिकायत देनी चाहिए थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है। हालांकि पुलिस के ढुलमुल रवैये के कारण स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना घर कर गई है।

Advertisement
Share This Article