बंगाल में स्वास्थ्य क्रांति: ममता बनर्जी ने किया ‘अनन्या’ वुडबर्न वार्ड का उद्घाटन

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। कोलकाता : मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के एसएसकेएम (पीजी) अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं वाले नए वुडबर्न वार्ड ‘अनन्या’ का उद्घाटन किया। 67 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस 10 मंजिला इमारत में 131 केबिन और 50 क्रिटिकल केयर बेड हैं। मुख्यमंत्री ने ही इस नए ब्लॉक का नामकरण किया, जो राज्य सचिवालय ‘नवान्न’ की तर्ज पर है।

मुख्यमंत्री ने नए वुडबर्न वार्ड की दरों की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि सिंगल केबिन का किराया 5,000 रुपये प्रतिदिन होगा, जबकि सिंगल सुइट्स के लिए 8,000 रुपये, हाई डिपेंडेंसी बेड के लिए 12,000 रुपये और इंटेंसिव थेरेपी यूनिट (आईटीयू) के लिए 15,000 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि ये दरें बिना मुनाफाखोरी के, सिर्फ लागत वसूलने के लिए तय की गई हैं। ममता ने दावा किया कि नया वुडबर्न वार्ड अपनी बेहतरीन सुविधाओं के कारण निजी अस्पतालों को भी टक्कर देगा।

उन्होंने 2011 से राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में हुई प्रगति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उस समय स्वास्थ्य बजट 3,684 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 21,355 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बच्चों के लिए मुफ्त हार्ट सर्जरी और स्वास्थ्य साथी योजना जैसी पहलों का भी जिक्र किया, जिसका आज करोड़ों लोग लाभ उठा रहे हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को यह सुनकर खुशी हुई कि एसएसकेएम को ब्रिक्स नेटवर्क में शामिल किया गया है। उन्होंने इस खुशी में अस्पताल को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

Share This Article