पारिवारिक कलह का खौफनाक अंत: जमशेदपुर में 66 वर्षीय बुजुर्ग ने तालाब के पास खुद को फूंका, TMH में भर्ती

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के धतकीडीह तालाब के पास गुरुवार एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। लंबे समय से जारी पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से परेशान होकर एक 66 वर्षीय बुजुर्ग ने आत्मघाती कदम उठा लिया। बुजुर्ग ने दिनदहाड़े खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी हालत में उन्हें तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी है। फिलहाल उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

जरूरी दस्तावेज किनारे रखे और आत्मघाती कदम उठाया
​प्राप्त जानकारी के अनुसार धतकीडीह के दसगिड़ी (बी-ब्लॉक, फ्लैट नंबर-3) के रहने वाले सत्तर खान (66 वर्ष) सुबह करीब 11:45 बजे तालाब के पास पहुंचे थे। उनके हाथ में पेट्रोल से भरी एक बोतल थी। चश्मदीदों ने बताया कि सत्तर खान ने आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अपने पास मौजूद जरूरी दस्तावेज और पहचान पत्र की कॉपियां तालाब के किनारे एक सुरक्षित स्थान पर रख दी। इसके बाद उन्होंने खुद पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता, पानी डालकर बचाई जान
​बुजुर्ग को आग की लपटों में घिरा देख आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बुजुर्ग काफी हद तक झुलस चुके थे। स्थानीय निवासियों ने बिना वक्त गंवाए उन्हें तुरंत इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया।

Advertisement

घरेलू तनाव से तंग आकर उठाया कदम
​घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि घटना के शुरुआती क्षणों में सत्तर खान होश में थे। दर्द से तड़पते हुए उन्होंने अपनी इस स्थिति का कारण बताया। सत्तर खान के मुताबिक वे काफी समय से गंभीर पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे और इसी घरेलू उलझन से परेशान होकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article