डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: जब इरादे नेक हों और जनप्रतिनिधि सजग तो व्यवस्था का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक जरूर पहुंचता है। कुछ ऐसा ही उदाहरण जमशेदपुर के बागबेड़ा में देखने को मिला, जहां पिछले 50 वर्षो से चारदीवारी के भीतर सीमित जीवन जीने को मजबूर एक दिव्यांग के जीवन में आत्मनिर्भरता की नई रोशनी आई है। बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी (रोड नंबर-4) के रहने वाले 100% दिव्यांग रवि शंकर मिश्रा को आखिरकार उनकी सुगम आवाजाही के लिए बैटरी चलित ट्राई-साइकिल मिल गई है। गाड़ी की चाबी हाथ में आते ही रवि शंकर और उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पंचायत प्रतिनिधि की जिद्द और विधायक के प्रयास ने दिखाया रंग
इस पूरे मामले में बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य (पंसस) सुनील गुप्ता ने कमान संभाली थी। रवि शंकर और उनके परिवार ने सुनील गुप्ता से व्हीलचेयर के लिए गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनील गुप्ता ने बिना वक्त गंवाए पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार से संपर्क किया। विधायक की त्वरित अनुशंसा के बाद जमशेदपुर प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय के माध्यम से इस काम को हरी झंडी मिली।
सिर्फ साइकिल नहीं, मिला सुरक्षा का पूरा किट
सीडीपीओ कार्यालय द्वारा रवि शंकर मिश्रा को न सिर्फ हाई-टेक बैटरी चलित ट्राई-साइकिल दी गई, बल्कि उनकी सुरक्षा और सहूलियत का भी पूरा ख्याल रखा गया। ट्राई-साइकिल के साथ उन्हें एक सेफ्टी हेलमेट, फास्ट बैटरी चार्जर, हवा भरने की पोर्टेबल मशीन, सुरक्षा के लिए गाड़ी का मजबूत लॉक भी सौंपा गया।
अब मैं आज़ाद हूं
50 वर्षों से घर में ही कैद रहने को मजबूर रवि शंकर मिश्रा ने भावुक होते हुए कहा कि अब मैं अपनी जरूरतों के लिए किसी पर निर्भर नहीं हूं। मैं अपनी मर्जी से जहां चाहे आ-जा सकूंगा। उनके परिजनों ने भी पंसस सुनील गुप्ता और विधायक संजीव सरदार का तहेदिल से आभार जताया है।
आगे भी जारी रहेगा जरूरतमंदों की मदद का सिलसिला: सुनील गुप्ता
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि रवि शंकर मिश्रा की तकलीफ को देखकर वे शांत नहीं बैठ सकते थे। 100% दिव्यांगता के कारण उनका जीवन बेहद कठिन था। अब इस ट्राई-साइकिल से उनके जीवन में नई उम्मीद जगेगी। उन्होंने संकल्प दोहराया कि पंचायत क्षेत्र में ऐसे जितने भी जरूरतमंद लोग हैं, उन्हें चिन्हित कर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। स्थानीय जनता ने भी सुनील गुप्ता के इस प्रयास की जमकर सराहना की है। इस वितरण कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ कार्यालय के पदाधिकारी, जमशेदपुर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन, कई पंचायत समिति सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

